प्रतिलिप्याधिकार/सर्वाधिकार सुरक्षित ©

इस ब्लॉग पर प्रकाशित अभिव्यक्ति (संदर्भित-संकलित गीत /चित्र /आलेख अथवा निबंध को छोड़ कर) पूर्णत: मौलिक एवं सर्वाधिकार सुरक्षित है।
यदि कहीं प्रकाशित करना चाहें तो yashwant009@gmail.com द्वारा पूर्वानुमति/सहमति अवश्य प्राप्त कर लें।

18 January 2013

'इनके' 'उनके' सपने.............

(चित्र आदरणीय अफलातून जी की फेसबुक वॉल से )
सपने 'ये' भी देखते हैं
सपने 'वो' भी देखते हैं 

'ये' इस उमर में कमाते हैं
दो जून की रोटी जुटाते हैं 
जुत जुत कर रोज़
कोल्हू के बैल की तरह 
'उनको' निहार कर 
'ये' बस मुस्कुराते हैं 

'इनको' पता है कि दुनिया 
असल में होती क्या है 
रंगीन तस्वीरें हैं 
मगर अक्स स्याह है 

'इनके' सपनों की दुनिया में 
'उनकी' बे परवाह मस्ती है 
'ये' दर्द को पीते हैं 
और 'उनकी' आह निकलती है 

सपने 'ये' भी देखते हैं 
सपने 'वो' भी देखते हैं 
बस 'ये' ज़मीं पे चलते हैं 
और 'वो' आसमां में उड़ते हैं।    

©यशवन्त माथुर©

17 January 2013

उल्लू जैसे सपने

दिन के उजाले में
सो जाते हैं सपने
रात के अंधेरे में
जाग जाते हैं सपने

अपने से लगते हैं
कभी पराए से लगते हैं
रोते हैं खौफ से
कभी बिंदास हँसते हैं

रंग बदलते हैं सपने
यूं तो गिरगिट की तरह
नीरस स्वाद की तरह
खुद को दोहराते हैं सपने

मतलबी बन कर
तो कभी बेमतलब ही सही
ख्यालों की शाख पे 
उल्लू जैसे नज़र आते हैं सपने।  

©यशवन्त माथुर©

16 January 2013

सपने

सपने
ईश्वर का वरदान हैंमानव को
क्योंकि सपने
भूत की प्रेरणा से
वर्तमान मे
आधार बुनते हैं
सुनहरे भविष्य का।

©यशवन्त माथुर©

15 January 2013

सपने सिर्फ सपने ही नहीं होते

सपने
सिर्फ सपने ही नहीं होते
कभी कभी
वास्तविकता का आभास बन कर
खींच देते हैं चित्र भविष्य का।
चित्र जिसमें
अनेकों रंगों के साथ
मिलती जुलती कालिख
कराती है पूर्णता का एहसास
बनाती है खास
चित्र के चरित्र को ।
सपने सिर्फ सपने ही नहीं होते
कभी कभी
मन के कैनवास पर बिखर कर
करा देते हैं संगम
भूत,वर्तमान और भविष्य का। 

©यशवन्त माथुर©

14 January 2013

आज़ाद विषय........

आज
खुल ही गयी गांठ
एक बहुत भारी गठरी की
जिसमें सदियों से बंद
तमाम विषय
अब इधर उधर बिखर कर
मन के कमरे में उछल कूद कर
मना रहे हैं जश्न
बंधन से आज़ाद होने का।

अब तलाश है तो बस
किसी अच्छे डिटर्जेंट की
जो कर सके साफ
जंग लगी सोच के धरातल को
जिससे ये हरे  भरे विषय
ले सकें खुल कर सांस
शब्दों में ढल कर
किसी किताब के पन्नों पर!

©यशवन्त माथुर©

13 January 2013

अगर जीवन सपना होता......

सपनों की रंगीन
चित्ताकर्षक
मनमोहक
और अपनी मनचाही
दुनिया में घूमते हुए
मैं अक्सर सोचता हूँ
यह जीवन भी
होता अगर
ऐसे ही किसी
सुखांत सपने की तरह
तब शायद
एक बार खिल उठने के बाद
कोई फूल
न कभी मुरझाता 
और न ही कर पाता
नव जीवन का एहसास !

    
©यशवन्त माथुर©

12 January 2013

अजीब सी चिड़िया.....

वक़्त!
एक ऐसी चिड़िया है
जिसे कोई शिकारी
कितने ही दाने डाल कर
फंसा नहीं सकता
अपने जाल में ।
पर ऊंची उड़ान भरती
तीखी चोंच वाली
यह चिड़िया
सुनाती हुई
कभी कौवे जैसे
कर्कश स्वर
और कभी
कोयल जैसे
सुरीले गीत गा कर
बांधे रखती है
हर शिकारी को
अपने मोह पाश में!   

©यशवन्त माथुर©

11 January 2013

सब थम जाता है जब.....

सड़कों पर गूँजते नारे
हक की बुलंद आवाज़ें
गुस्सा,आक्रोश,जुनून,
सब थम जाता है
चीखता गला
थक जाता है
किये धरे पर पानी
फिर जाता है....
शरीर पर चटकती
पुलिस की लाठीयों से नहीं ...
सड़क पर बहते
खून की धार से नहीं....
बल्कि मशीन पर लगे
उस नीले बटन से
जब चुनाव आता है
वोट उसी को जाता है
जो हम को सताता है
क्योंकि
जात,धर्म का दृष्टि दोष
हमें देखने नहीं देता
काले चश्मे के
उस पार!

©यशवन्त माथुर©

10 January 2013

कौन जानता है ?

भावनाओं के धधकते
ज्वालामुखी से निकलता
एहसासों का धुआँ
सिर्फ एक पूर्वानुमान है।
उसके भीतर दबे
शब्दों का लावा
अपनी जद में
समेटेगा
किन विधाओं को ...
कौन जानता है ?
©यशवन्त माथुर©
+Get Now!