प्रतिलिप्याधिकार/सर्वाधिकार सुरक्षित ©

इस ब्लॉग पर प्रकाशित अभिव्यक्ति (संदर्भित-संकलित गीत /चित्र /आलेख अथवा निबंध को छोड़ कर) पूर्णत: मौलिक एवं सर्वाधिकार सुरक्षित है।
यदि कहीं प्रकाशित करना चाहें तो yashwant009@gmail.com द्वारा पूर्वानुमति/सहमति अवश्य प्राप्त कर लें।

28 May 2026

देखा जाए तो.............

देखा जाए तो 
बातें वही हैं 
हम सबकी 
जिन्हें कोई एक कहता है 
दूसरा भी 
अपने शब्द देकर  
सिर्फ दोहराता है। 
देखा जाए तो 
हमारी हर सभ्यता का 
इतिहास वही है 
जिसे हर युग 
पुरा से 
विकास के चरम तक 
पहुंचाता है। 
देखा जाए तो 
पृथ्वी के 
एक गोलार्ध से 
दूसरे गोलार्ध तक 
सीमाओं के बंधन से परे 
हम मनुष्य 
जीवित हैं 
एक ही प्राणवायु से
और हमारे सामने 
साक्षात हैं 
'भगवान'
पंचतत्वों के रूप में। 
तो इतना सब देखने के बाद भी 
आखिर क्यों?
हम उलझे हुए हैं 
मन के कई भेदों में 
जबकि  
जन्म के समय 
हम से कोई भेद 
किया तो नहीं ही गया। 

-यशवन्त माथुर© 
28 05 2026 

  एक निवेदन- 
इस ब्लॉग पर कुछ विज्ञापन प्रदर्शित हो रहे हैं। आपके मात्र 1 या 2 क्लिक मुझे कुछ आर्थिक सहायता कर सकते हैं। 

21 May 2026

कुछ लोग-61

आते-जाते 
कुछ लोग मिल ही जाते हैं 
कुछ लोग 
छूट ही जाते हैं।  
कुछ समय का फेर होता है 
कुछ उम्र का तकाजा 
कुछ झटक देते हैं हाथ 
मझधार में 
कुछ चार कंधों पर 
कहीं निकल जाते हैं। 
आते-जाते 
कुछ लोग मिल ही जाते हैं । 
कुछ लोग नहीं सह पाते 
मतभिन्नता 
विचारों की 
तीज-त्योहारों की 
शहरों की 
गाँवों की 
सिर्फ अपने ही आदर्शों को 
सच कहते चले जाते हैं 
आते-जाते 
कुछ लोग मिल ही जाते हैं । 

-यशवन्त माथुर© 
21052026 
 एक निवेदन- 
इस ब्लॉग पर कुछ विज्ञापन प्रदर्शित हो रहे हैं। आपके मात्र 1 या 2 क्लिक मुझे कुछ आर्थिक सहायता कर सकते हैं। 

07 May 2026

विषय

विषयों की तलाश में 
भटकता हुआ 
किसी कोने में 
कहीं अटकता हुआ 
बेसुध सा मन 
यहाँ-वहाँ 
सब जगह 
ढूँढता है 
'कुछ'
जो अभिप्रेरित करे 
कहने को 
अंतर्मन की बात। 
बात! 
जिसे 
कहीं देखा गया हो 
सुना गया हो 
महसूस किया गया हो 
जिसकी शाखाओं से निकलें 
विषयों के उपविषय 
और जिसमें समाहित हो 
प्रस्तावना से उपसंहार तक का 
पूरा वृतांत और सार। 
बस 
कोरे मन के 
सूक्ष्मतम कण को 
गर मिल सके 
कोई एक विषय 
तो निर्मित  हो सकेगा 
कई ब्रह्मांडों के  
अतिशयोक्ति रहित 
सृजन और संहार का 
अंतहीन चक्र।  


-यशवन्त माथुर©
070526 
  एक निवेदन- 
इस ब्लॉग पर कुछ विज्ञापन प्रदर्शित हो रहे हैं। आपके मात्र 1 या 2 क्लिक मुझे कुछ आर्थिक सहायता कर सकते हैं। 
+Get Now!